करवा चौथ पर खरीददारी करती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
करवा चौथ को लेकर नव विवाहिताओं में गजब का उत्साह दिखाई दे रहा है। बुधवार को विवाहिताएं सजना के लिए सजेंगी। मंगलवार को महिलाओं ने बाजार में करवा के साथ साथ पूजा व श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी की।
19 अक्टूबर को करवा चौथ का पर्व मनाया जाएगा। करवा चौथ को लेकर महिलाओं ने जमकर खरीदारी की। कपड़ा और सौदर्य प्रसाधन की दुकानों में महिलाओं की भारी भीड़ जुटी रही। साज सज्जा के अलावा महिलाओं ने आकर्षक ढंग से रंगे करवा भी खरीदे। मौके को देखते हुए दुकानदारों ने मंहगे दाम पर सामग्री बेचकर जमकर मुनाफा कमाया। करवा चौथ को लेकर पहली बार व्रत रखने वाली नव विवाहिताओं में अलग उत्साह नजर आ रहा है।
वह करवा चौथ को बेहद खास बनाने की तैयारी में जुट गई है। करवा चौथ पर महिलाएं पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर शाम को छलनी से चांद का दीदार कर पति की पूजा करेंगी और उसके बाद व्रत तोड़ेगी। देर शाम तक बाजार खरीददारों से गुलजार रहे। करवा चौथ को लेकर मिठाई दुकानदारों ने विभिन्न प्रकार की मिठाइयां एक दिन पहले ही तैयार कर ली।