-कोहरे में दुर्घटनाओं की बढ़ी आशंका, पत्थरमंडी कबरई में सबसे ज्यादा अवैध कट
-जगह-जगह अवैध कटों से निकल रहे ट्रक व डंपर
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा/कबरई। सड़क हादसे रोकने के लिए तमाम अभियान और निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इधर ठंड व कोहरे की दस्तक के बाद भी हाईवे के जिम्मेदार गंभीर नहीं दिख रहे हैं। कानपुर-सागर हाईवे पर गड्ढे तो हैं हीं इसके अलावा हाईवे से सफेद पट्टी गायब हो गई है। जगह-जगह अवैध कट हैं। वाहन चालक कहां से वाहन निकाल दे यह पता नहीं चलता। इससे हादसा होने का खतरा बना रहता है।
दांवों के बाद भी कानपुर-सागर नेशनल हाईवे की हालत बेहद खराब है। महोबा से कबरई तक की 18 किलोमीटर सड़क गड्ढों में तब्दील है। कई स्थानों पर तो सड़क का नामोनिशान ही गायब है। सड़क पर सुरक्षित सफर के लिए रेडियम युक्त थर्मोप्लास्ट पेंट कराया जाता है। रात के समय व कोहरे में यह सफेद पट्टी रोशनी पड़ने पर चमकती है और दुर्घटना का खतरा नहीं रहता है लेकिन अधिकांश मार्ग पर यह सफेद पट्टी गायब है।
पत्थरमंडी कबरई में सबसे ज्यादा अवैध कट हैं। रामदयाल, प्रमोद, हरीराम, भगवानदास आदि ने बताया कि कबरई चौराहे के पास अवैध कटोंं से पहले कई हादसे हो चुके हैं लेकिन जिम्मेदारों ने अभी तक इन कटों को बंद नहीं कराया। धुंध-कोहरा छाने से हादसे का खतरा बढ़ा है।
सीन-एक
एक साल से उखड़ी महोबा से कबरई तक 18 किमी सड़क
फोटो 17 एमएएचपी 01 परिचय-हाईवे पर कबरई से महोबा की इस तरह गड्ढो में तब्दील है सड़क। संवाद
कानपुर-सागर हाईवे की महोबा से कबरई तक की 18 किलोमीटर सड़क एक साल से उखड़ी है। उद्योग बंधु की बैठक में व्यापारियों ने सड़क को दुरुस्त कराने का मुद्दा उठाया लेकिन आज तक कुछ नहीं हुआ। उखड़ी सड़क में कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। एनएचएआई की ओर से फोरलेन सड़क का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन इसे दुरुस्त नहीं किया गया। कोहरे और धुंध में इस उखड़ी सड़क पर चलना वाहन चालकों के लिए और दिक्कत भरा होगा।
सीन-दो
सफेद पट्टी गायब, संकेतक भी नहीं
फोटो 17 एमएएचपी 02 परिचय-हाईवे पर पीडब्लयूडी चौराहे के पास सड़क से गायब सफेद पट्टी व नहीं लगे संकेतक। संवाद
कानपुर-सागर हाईवे पर अधिकांश स्थानों से सफेद पट्टी गायब है। ब्लैक स्पॉटों पर संकेतक भी नहीं लगे हैं। शहर से निकले हाईवे का पीडब्ल्यूडी चौराहा ब्लैक स्पॉट चिंहित है। दो वर्ष पहले ट्रक की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद भी चौराहे पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। कोहरे व धुंध में वाहन चालकों को और परेशानी होगी।
-
सीन-तीन
फोटो 17 एमएएचपी 03 परिचय-हाईवे पर कस्बा कबरई में बांदा तिराहे के पास अवैध कट से इस तरह निकलते वाहन। संवाद
कानपुर-सागर हाईवे पर कबरई के बांदा तिराहे के पास अवैध कट हैं। जहां से पूरे दिन गिट्टी लेने आने वाले ट्रक और डंपरों की धमाचौकड़ी रहती है। अवैध कटों से अचानक वाहन निकलने से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन आज तक इन कटों को बंद नहीं किया गया। सर्दी के साथ सुबह के समय कोहरे ने दस्तक दे दी है। ऐसे में अवैध कटों से अचानक निकलने वाले वाहनों से हादसे का खतरा बना है।
वर्जन
कानपुर-सागर हाईवे पर फोरलेन बनाने का काम चल रहा है। महोबा से कबरई तक उखड़ी सड़क की कई बार रिपेयरिंग कराई गई। कार्यदायी संस्था को एक बार फिर सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। हाईवे पर संकेतक व साइन बोर्ड भी लगवाए जाएंगे। -देवेंद्र चापेकर, प्रोजेक्ट डायरेक्टर, एनएचएआई।