महोबा। कृषि उत्पादकता बढ़ाने व किसानों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए मंडलीय खरीफ गोष्ठी का आयोजन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। इसमें कृषि राज्य मंत्री, कृषि उत्पादन आयुक्त, अपर मुख्य सचिव (कृषि) एवं अन्य लोग शामिल हुए। जनपद से जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, उप कृषि निदेशक जीराम, जिला कृषि अधिकारी बीपी सिंह व कई किसान जुड़े। किसान श्रीचौबे ने जिले में तारबारी की योजना प्रारंभ करने की बात कही। अपर मुख्य सचिव कृषि ने कहा कि आज से पोर्टल पर कृषि यंत्र के लिए टोकन उपलब्ध होंगे।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद में खाद की उपलब्धता पर्याप्त मात्रा में है। किसानों की समस्याओं जैसे जनपद में मूंगफली के बीज मांग के अनुरूप उपलब्ध कराए जाएं, पीएम किसान योजना के अंतर्गत नए पंजीयन हेतु पोर्टल ओपन करा दिया जाए। जनपद में सोलर पंप की मांग को देखते हुए अधिक लक्ष्य का आवंटन दिया जाए तथा स्थापित सोलर पंप हेतु सर्विस सेंटर की स्थापना जनपद स्तर पर कराई जाए। अपर मुख्य सचिव (कृषि) ने कहा कि पीएम किसान पंजीयन का पोर्टल शीघ्र ही चालू कर दिया जाएगा। खेत तालाब योजनांतर्गत वर्तमान समय में कृषक अपना टोकन निकाल कर खेत तालाब खुदवा सकते हैं। साथ ही खेत तालाब योजना को मत्स्य पालन से भी जोड़ने संबंधी बात कही।