कलेक्ट्रेट मार्ग पर एक डंपर असंतुलित होकर मकान में घुस गया, जिससे मकान बुरी तरह क्षति ग्रस्त हो गया। जिससे मकान में बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क पर बैठ कर कलेक्ट्रेट मार्ग जाम कर दिया। दो घंटे तक जाम लगा रहने के बाद कोतवाली प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर डंपर चालक के विरुद्घ कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। जाम के चलते दो घंटे तक कलेक्ट्रेट मार्ग पर आवागमन ठप रहा।
गुरुवार को सुबह आठ बजे एक डंपर कलेक्ट्रेट की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचा, अचानक असंतुलित होकर सड़क किनारे जा घुसा जिससे मकान में बैठे लोगों में भगदड़ मच गई। दुघर्टना से मकान का एक हिस्सा धराशायी हो गया। वहीं एक पड़ोसी का मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। दो मकानों के गिर जाने से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा काटा और कलेक्ट्रेट मार्ग पर जाम लगा दिया। वहीं डंपर चालक गाड़ी छोड़कर भाग निकला। टक्कर से करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। दुर्घटना से गुस्साए लोगों ने कलेक्ट्रेट मार्ग पर बैठकर जाम लगा दिया, जिससे नौगांव, छतरपुर वाया कलेक्ट्रेट जाने वाले तमाम वाहन जाम में फंस गए, उग्र भीड़ ने चार पहिया वाहन तो दूर दो पहिया वाहन चालकों को भी नहीं निकलने दिया, जिससे कलेक्ट्रेट, जिला कोषागार कार्यालय, आईटीआई आने जाने वाले तमाम कर्मचारी भी जाम में फंसे रहे। करीब दस बजे के बाद मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी शिवशंकर शुक्ल ने जाम लगाए नागरिकों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद जाम खोला गया। जाम खुलते ही यात्रियों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।