महोबा। जिला अस्पताल में 50 लाख रुपये की लागत से एकीकृत सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रयोगशाला (इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब) बनकर तैयार हो गई है। एक सप्ताह के अंदर इस लैब का संचालन शुरू हो जाएगा। लैब में मरीजों को करीब 150 प्रकार की जांचों की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं मरीजों को इसकी जांच रिपोर्ट व्हाट्सएप पर भी मिल सकेगी और 24 घंटे इसका संचालन किया जाएगा।
जिला अस्पताल, महिला अस्पताल समेत चार ब्लाॅकों में संचालित सीएचसी व पीएचसी के मरीजों कीं जांच के लिए सैंपल इस लैब में आएंगें। जिला अस्पताल की पैथाेलाजी लैब में सीबीसी, डेंगू, मलेरिया, थायराइड समेत विभिन्न प्रकार की खून की जांच होती हैं लेकिन अब इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब शुरू होने से जिला अस्पताल आने वाले मरीजों की कुल 150 प्रकार की जांचें होगीं। इन जांचों को करने के लिए इस अत्याधुनिक लैब में विभिन्न मशीनें लगाई गई हैं। जिनसे अस्पताल आने वाले मरीजों की जांच की जाएगी। मरीजों को जांच के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। निचले तल पर बनी लैब में मरीजों के सैंपलों की जांच की जाएगी। इससे मरीजों के समय और रुपयों की बचत होगी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार ने बताया कि लैब में मशीनें लगाने का काम चल रहा है। एक सप्ताह के अंदर लैब चालू कराने का प्रयास किया जा रहा है। इस लैब में यूरीन, माइक्रोबायोलॉजी, हार्मोनल, कल्चर, गैर संचारी रोगों, पैरासिटोलाजी समेत 150 प्रकार की जांचें की जाएगी। इससे उपचार अधिक सटीक व तेज होगा। इससे मरीजों को बाहर लैब में नहीं जाना पड़ेगा और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।