महोबा। विकास और प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा बैठक जिलाधिकारी मनोज कुुमार की अध्यक्षता में हुई। जिसमें डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। ताकि लंबित योजनाएं समय पर पूर्ण हो सकें।
कलक्ट्रेट सभागार में बैठक में डीएम ने कहा कि जनता की शिकायतों का निस्तारण समय से किया जाए ताकि लोगों को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में लक्ष्य के सापेक्ष अभी तक 129 लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया है जबकि 225 का लक्ष्य मिला है। उन्होंने सभी श्रमिकों के श्रम कार्ड व आयुष्मान भारत योजना के पात्र लोगों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए। बीएसए को स्कूलों व सीएमओ को अस्पतालों की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक मे सीडीओ डॉ. हरिचरन सिंह, पीडी चित्रसेन सिंह, डीपीआरओ संतोष कुमार, डीएचओ डॉ. बलदेव प्रसाद, सीवीओ डॉ. राकेश कुमार, एक्सईएन आरईएस मो. रिजवान, डीएसओ राजीव तिवारी आदि अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।