महोबा। मौसम में बदलाव से डायरिया व बुखार के मरीज बढ़े हैं। शुक्रवार को बुखार से एक और मासूम की मौत हो गई। 24 घंटे में नौ की हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के वार्ड में भर्ती कराया गया है। जिले में तीन दिन में बुखार व डायरिया से मरने वालों की संख्या पांच पहुंच गई है।
जिला अस्पताल की ओपीडी खुलते ही मरीजों व तीमारदारों की भीड़ जुटी। पर्चा बनवाने से लेकर कक्षों में डॉक्टरों को दिखाने के लिए घंटों मशक्कत करना पड़ी। इस दौरान ओपीडी में 745 मरीज उपचार कराने पहुंचे। 24 घंटे में आशू, भूरा, प्रतीक्षा, मंगल, रिंकी, अरवी, कासिम, दिव्यांश व ममता के उल्टी, दस्त, बुखार, पेटदर्द आदि से ग्रसित होने पर वार्ड में भर्ती कराया गया।
कस्बा बेलाताल निवासी सौरभ की एक वर्षीय भतीजी वैष्णवी दो दिन से बुखार से पीड़ित थी। बृहस्पतिवार की रात अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। शुक्रवार की दोपहर उसकी उपचार दौरान मौत हो गई। सीएमएस डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि मौसम में बदलाव से लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में बेहद सावधानी बरतें।
-
ऐसे करें बचाव
-घर का बना ताजा संतुलित भोजन करें।
-दिन में लगातार कई बार पानी पीएं।
-बाहर के खुले में रखे खाद्य पदार्थ व कटे फल खाने से बचे।
-जरा-सी दिक्कत होने पर तत्काल डॉक्टर को दिखाएं।