महोबा। पनवाड़ी ब्लॉक परिसर में शौचालय योजना का लाभ देने की मांग को लेकर पहुंचे दबंग ने नैपुरा के ग्राम विकास अधिकारी के साथ अभद्रता करते हुए सरकारी अभिलेख फाड़कर फेंक दिए। इस दौरान जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित ग्राम विकास अधिकारी ने घटना की तहरीर थाने में सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम विकास अधिकारी हरवंश कुमार अनुरागी ब्लॉक पनवाड़ी की नैपुरा ग्राम पंचायत में तैनात हैं। वह सोमवार को विकास खंड परिसर में विभागीय कार्य के लिए मौजूद थे। तभी नैपुरा निवासी एक दबंग उनके पास पहुंचा और शौचालय निर्माण योजना का लाभ दिए जाने की मांग करने लगा। तब उन्होंने शौचालय के लिए आवेदन मांगा और पात्रता की स्थिति के अनुसार शौचालय निर्माण का लाभ देने की बात कही। यह बात सुनकर दबंग भड़क उठा और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस दौरान दबंग ने ग्राम विकास अधिकारी से सरकारी अभिलेख छीनकर फाड़ दिए। पीड़ित ग्राम विकास अधिकारी ने थाना पनवाड़ी में घटना की तहरीर देकर जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष शशिकुमार पांडेय का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। कार्रवाई की जाएगी।