महोबा। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं पटरी पर नहीं आ पा रही हैं। अस्पताल में तैनात एक हड्डी रोग विशेषज्ञ के एक साल से अनुपस्थित रहने और दूसरे के इस्तीफा देने से मरीज परेशान हैं। फ्रैक्चर व अन्य समस्या होने पर मरीजों को कानपुर और झांसी दौड़ लगानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में स्वीकृत पदों के सापेक्ष डॉक्टरों और पैरा मेडिकल स्टाफ के करीब 50 फीसदी पद ही भरे हैं। 28 पदों के सापेक्ष वर्तमान में 14 डॉक्टरों से काम चलाया जा रहा है। जिला अस्पताल में तैनात हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. मनोज कौशिक करीब डेढ़ साल पहले कुंभ मेले में ड्यूटी पर गए थे। तब से वह वापस नहीं लौटे। अस्पताल में तैनात एक अन्य हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. देवप्रकाश सिंह ने निजी कारणों के चलते 28 दिन पहले इस्तीफा दे दिया। जिला अस्पताल में एक भी हड्डी रोग विशेषज्ञ न होने से आने वाले मरीजों को दिक्कत हो रही है।
ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ कक्ष में प्रतिदिन 50 से 60 मरीज पहुंचते हैं। विशेषज्ञ डॉक्टर के न होने से उन्हें दूसरे जिलों में जाना पड़ रहा है। उधर, जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार का कहना है कि मनोज कौशिक की पदोन्नति हो गई है। देवप्रकाश सिंह ने दो जून को इस्तीफा दे दिया है। डॉ. हेमेंद्र यादव को हड्डी रोग कक्ष का प्रभार दिया गया है। मेडिकल बोर्ड की बैठक में वैधानिक कार्रवाई व अन्य के लिए उपयुक्त डॉक्टर नहीं है। उच्चाधिकारियों को जानकारी दी जाएगी।