कबरई (महोबा)। कस्बा कबरई के किदवई नगर में एक मकान में लगी आग से दो लाख रुपये का खाद्यान्न और गृहस्थी जल गई। सूचना के दो घंटे बाद पहुंची दमकल ने आग पर काबू पाया।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस व राजस्व विभाग को दी है। किदवई नगर निवासी रामकुमार कुशवाहा बुधवार को मकान में ताला लगाकर दूसरे घर में गया था। तभी अचानक कच्चे मकान में आग लग गई।
आग की लपटें देख पड़ोसी दौड़ पड़े और गृहस्वामी को सूचना दी। लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना के दो घंटे पास पहुंची दमकल ने आग बुझाई।
पीड़ित ने बताया कि दस क्विंटल तिल, 15 क्विंटल उड़द-मूंग और दस क्विंटल गेहूं के साथ गृहस्थी का करीब दो लाख रुपये का माल जल गया।
थानाध्यक्ष राधेश्याम वर्मा ने संबंधित विभागों को सूचना देते हुए पीड़ित को हर संभव मदद का भरोसा दिया। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। (संवाद)