महोबा। मोहल्ला हवेली दरवाजा में घर के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची को एक युवक अगवा कर ले गया। सूचना पर एसपी पलाश बंसल ने तुरंत आठ पुलिस टीमें तलाश में लगाईं। चप्पे-चप्पे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
पुलिस ने बच्ची को ट्रेन में ढूंढ निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। हवेली दरवाजा निवासी जीतेंद्र साहू की बेटी योगिता मंगलवार की शाम करीब पांच बजे घर के बाहर खेल रही थी। तभी अचानक बच्ची लापता हो गई।
बेटी के गायब होने पर मां मीना और अन्य परिजन उसकी आसपास तलाश करने लगे, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो एक युवक बच्ची को अगवा कर ले जाते नजर आया। अपहरण की जानकारी मिलते ही एसपी, अपर एसपी वंदना सिंह व सीओ दीपक दुबे मौके पर पहुंचे और तुरंत सर्च अभियान शुरू कराया।
इसके बाद हवेली दरवाजे से इलाके के एक-एक सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। मोहल्ला नैकानापुरा के पास आरोपी बच्ची को ई-रिक्शा में बैठाते नजर आया। तब पुलिस ने स्टेशन रोड के सभी सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज के आधार पर पुलिस रेलवे स्टेशन महोबा पहुंची। जहां कई लोगों से पूछताछ की गई और जीआरपी थाना प्रभारी रणविजय सिंह का भी सहयोग लिया गया।
बाद में पता चला कि आरोपी ट्रेन में बैठकर बच्ची को दिल्ली ले जाने की फिराक में है। पुलिस ने बच्ची को ट्रेन में ढूंढ निकाला और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ने परिजनों को बच्ची सौंपते हुए आरोपी से पूछताछ शुरू की है।
अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह का कहना है कि बच्ची को ले जाने वाले आरोपी महोबा निवासी बल्लू श्रीवास को गिरफ्तार किया गया है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत अभियान चलाकर बालिका को सकुशल बरामद किया गया है।