महोबा/कबरई। बुंदेलखंड की पठारी धरती पर मानसून मेहरबान है। यहां रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी है। बुधवार को बारिश के दौरान कस्बा कबरई में बिजली गिरने से एक मकान क्षतिग्रस्त हो गया। कमरे के बैठे परिजन बाल-बाल बचे। रेलिंग समेत छत का एक भाग टूट गया।
जिले में रुक-रुक कर रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। आसमान में बादल छाए रहने से सूर्य देवता के दर्शन नहीं हो रहे हैं। बुधवार को सुबह व दोपहर के समय हल्की बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया। इस दौरान मौसम का अधिकतम तापमान 30 जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता 88 फीसदी और हवाओं की रफ्तार 10 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। उधर, कस्बा कबरई के मोहल्ला इंदिरानगर निवासी रामराजा वाजपेयी के मकान में तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया। बिजली मकान की छत पर रेलिंग में लगे झंडे पर गिरी, जिससे रेलिंग समेत छत का एक भाग टूट गया। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह अपने परिजनों के साथ कमरे में बैठे थे। बिजली गिरने की तेज आवाज और झटका इतना जबरदस्त था कि पूरा मकान हिल गया। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई लेकिन घटना के बाद से परिवार में डर और दहशत है।