होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते स्वास्थ्यकर्मी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। जिला अस्पताल परिसर में बाइक खड़ी करते समय होमगार्ड ने स्वास्थ्यकर्मी से अभद्रता की। इस घटना के विरोध में जिला अस्पताल के सभी स्वास्थ्य कर्मचारी लामबंद हो गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषी होमगार्ड को तत्काल हटाने की मांग की।
इससे करीब आधा घंटा स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं।
जिला अस्पताल में वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग नहीं है। मरीज, तीमारदार व कर्मचारी अस्पताल परिसर में ही वाहन खड़े करते हैं। गुरुवार को एक मरीज को खून की जरूरत होने पर व्यवस्था कराने के लिए ब्लड बैंक के कर्मचारी शरदचंद्र अस्पताल पहुंचे और परिसर में बाइक खड़ी करने लगे। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड ने स्वास्थ्यकर्मी से अभद्रता की।
कर्मचारी का आरोप है कि जब उन्होंने परिचय दिया तो होमगार्ड भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। यह देखकर जिला अस्पताल के नियमित और संविदा कर्मचारी मौके पर पहुंच गए और विरोध जताते हुए नारेबाजी की।
बाद में सीएमएस डॉ. आरपी मिश्रा को पत्र देकर होमगार्ड को तत्काल हटाने और कर्मचारियों के वाहन खड़े करने के लिए पार्किंग की व्यवस्था कराने की मांग की है। सीएमएस ने संबंधित विभाग को लिखा पढ़ी करके कार्रवाई कराने का भरोसा दिया। तब कर्मचारी शांत हुए।