फोटो 06 एमएएचपी 13 परिचय-शानदार गेंदबाजी पर मोहम्मद इसरार को मैन ऑफ द मैच का खिताब देते अतिथि।
महोबा। शहर के मां माया क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में मंगलवार को दो मैच खेले गए। इसमें एचके राइडर्स व एडीएम स्पोर्ट्स लाइन्स की टीमों ने जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही।
जिला क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में राठ रोड में चल रहे वीर भूमि क्रिकेट लीग के तीसरे दिन मंगलवार को पहला मैच महोबा एचके राइडर्स और आरपीएस अवेंजर्स के बीच खेला गया। आरपीएस अवेंजर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। एचके राइडर्स ने बल्लेबाज शुभम सिंह के 49 रन की मदद से निर्धारित 15 ओवर में सात विकेट खोकर 121 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए आरपीएस अवेंजर्स की पूरी टीम 14 ओवर में 115 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। आरपीएससी अवेंजर्स की तरफ से मोहम्मद इसरार ने पांच विकेट लिए। इस पर उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच एनआरजे सिंह वारियर्स व एडीएम स्पोर्ट्स लाइन्स के बीच खेला गया। एडीएम स्पोर्ट्स लाइन्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की। पूरी टीम 13.3 ओवर में 100 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनआरजे सिंह वारियर्स की शुरुआत भी बहुत खराब रही। एडीएम स्पोर्ट्स लाइन्स के आयुष कुमार की घातक गेंदबाजी के चलते पूरी टीम मात्र 14.3 ओवर 56 रन ही बना सकी। इससे एडीएम स्पोर्ट्स लाइन्स ने यह मैच 44 रनों से जीत लिया।आयुष को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर एडवोकेट नीरज रावत, राजेश चतुर्वेदी, सुमित तिवारी, रघुवंश शर्मा आदि मौजूद रहे।