महोबा। हरियाणा के मेवात में शोभायात्रा पर पथराव और गोलियां चलाने की घटना से भड़के बजरंग दल व विहिप के 100 से अधिक कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। तहसील चौराहे में जिहादी आतंकवाद का पुतला फूंकने के दौरान पुलिस से नोकझोंक हुई। कार्यकर्ताओं के पुतले में आग लगाते ही पुलिस ने पुतला छीन लिया।
हरियाणा के मेवात में 31 जुलाई को शोभायात्रा निकाली जा रही थी। इस दौरान पथराव शुरू हो गया। उपद्रवियों ने पथराव के साथ गोलियां चलाईं और कई वाहनों में आग लगा दी थी। इस घटना के विरोध में विश्व हिंदू परिषद के जिलामंत्री मयंक तिवारी, बजरंग दल के जिला संयोजक विपिन भदौरिया, पवन आर्य, अनमोल द्विवेदी, मनोज, सौरभ समेत 100 से अधिक कार्यकर्ता नरसिंहकुटी मंदिर में एकत्र हुए जहां से विरोध प्रदर्शन करते हुए तहसील पहुंचे। तहसील चौराहे पर कार्यकर्ताओं ने जिहादी आतंकवाद का पुतला फूंकने का प्रयास किया। आग लगने पर कोतवाली पुलिस ने अधजला पुतला छीन लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के दौरान सीओ रामप्रवेश राय, कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह फोर्स संग मौजूद रहे।