सालट गांव में बिरयानी खिलाने के मामले को लेकर हिंदू संगठन अब एकजुट हो गए हैं। सालट गांव समेत अन्य स्थानों पर किए गए अवैध कब्जों को हटवाए जाने के लिए हिंदू संगठनों ने शहर में जुलूस निकाल कर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिलाधिकारी और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अवैध निर्माण को गिराए जाने की मांग की।
31 अगस्त को ग्राम सालट में उर्स के मौके पर एक एक समुदाय को बिरयानी खिलाए जाने के बाद चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 43 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया था। इसके बाद विधायक ने वन विभाग की जमीन पर बनी बाउंड्री गिराने के प्रभागीय वनाधिकारी रामजी राय को निर्देश दिए थे। जिस पर डीएफओ ने बाउंड्री गिराने का नोटिस जारी कर दिया था। इसके बाद भी मजार की बाउंड्री नहीं गिराई गई।
सोमवार को विश्व हिंदू परिषद के महामंत्री मयंक तिवारी के नेतृत्व में विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने नरसिंह कुटी से जुलूस निकाला। तहसील पहुंचकर उपजिलाधिकारी देवेंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। उधर, बजरंग दल के जिला संयोजक सत्येंद्र प्रताप के नेेतृत्व में बजरंग दल कार्यकर्ताओं और विद्यार्थी परिषद ने जिलाधिकारी अवधेश कुमार तिवारी को सौंपे ज्ञापन में काली माता मंदिर के पास किए गए अवैध कब्जे को गिराए जाने की मांग की।