कुलपहाड़ (महोबा)। झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर कस्बा कुलपहाड़ में प्रशासन बिना मुुआवजा दिए सड़क का निर्माण करा रहा है। इससे कस्बे के लोगों में आक्रोश है। यहां के बाशिंदों ने उच्च न्यायालय इलाहाबाद में प्रशासन की मनमानी के खिलाफ पीआईएल दाखिल करने का निर्णय लिया है।
कुलपहाड़ नगर में सड़क निर्माण के चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। सुगिरा से लेकर खादी आश्रम तक सड़क के दोनों तरफ पर्याप्त चौड़ाई है। इस एवज में मुआवजा भी नहीं दे रहे। प्रशासन ने सड़क के दोनों तरफ अवैध निर्माण भी ध्वस्त करवा दिया है। खादी आश्रम से लेकर बस स्टैंड तक 59 फसली बंदोबस्ती नक्शे में सड़क चौड़ाई 12 से 20 मीटर दर्ज है जबकि सड़क व नाली निर्माण 24 मीटर चौड़ाई में किया जा रहा है। मकान, दुकान तोड़ने के 20 दिन बाद भी मुआवजा न मिलने से लोग असमंजस में हैं। समाजसेवी शिवनारायाण अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में सीएम और डिप्टी सीएम के पोर्टल में भी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। विनोद कुमार, उर्मिला द्विवेदी, गंगाराम, मूलचंद्र सहित तमाम लोग पूर्व में भी हाईकोर्ट में रिट कर चुके हैं।