श्रीनगर (महोबा)। साधन सहकारी समिति श्रीनगर में खाद होने के बाद भी वितरण न किए जाने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार की सुबह करीब नौ बजे किसानों ने कानपुर-सागर हाईवे पर श्रीनगर के पास जाम लगा दिया।
दो घंटे तक हाईवे जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। जाम में दो एंबुलेंस भी फंस गईं। हालांकि, उनमें मरीज नहीं थे। सूचना पर पहुंचे तहसीलदार व थानाध्यक्ष ने मंगलवार को खाद वितरण कराने का भरोसा देकर जाम खुलवाया।
साधन सहकारी समिति में दस दिन पहले 400 बोरी डीएपी खाद भेजी गई थी। जिसके लिए किसान लगातार समिति के चक्कर लगा रहे थे। सोमवार की सुबह करीब एक हजार किसान समिति पहुंच गए। समिति का ताला लगा देख किसान भड़क गए और हाईवे में जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने और खाद वितरण न होने तक जाम न खोलने की जिद पर अड़े रहे।
करीब 11 बजे तहसीलदार दिवाकर मिश्रा व थानाध्यक्ष शिवपाल सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। अगले दिन खाद वितरण का भरोसा मिलने पर जाम खुल सका। तब दो घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। जाम में महोबा, हमीरपुर, बांदा, कानपुर व छतरपुर को जाने वाले लोगों को समय की बर्बादी करनी पड़ी।
किसानों ने दो बार लगाया जाम, तब बांटी पर्चियां
बेलाताल। सहकारी समिति जैतपुर में खाद न मिलने से आक्रोश किसानों ने एसके महाविद्यालय के सामने जैतपुर-नौगांव मार्ग पर सुबह दस बजे जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे नायब तहसीलदार पंकज गौतम के आश्वासन पर एक घंटे बाद जाम खुल सका।
नायब तहसीलदार के जाते ही किसानों ने साढ़े 11 बजे एक बार फिर उसी स्थान पर जाम लगा दिया। किसान वितरण पर्ची देने की मांग पर अड़े रहे। एडीएम नमामि गंगे मोईनुल इस्लाम ने किसानों को खाद वितरण की पर्ची दिलवाई और मंगलवार को खाद मिलने की बात कही। तब डेढ़ घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका। जाम के चलते तमाम वाहन चालक मुढ़ारी मार्ग से आवाजाही करते रहे। (संवाद)