महिला अस्पताल में सुरक्षा उपकरण चेक करते सदर विधायक राकेश गोस्वामी।
- फोटो : MAHOBA
महोबा। इलाज में लापरवाही की लगातार मिल रहीं शिकायतों पर शनिवार को सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने पुरुष व महिला जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के निर्देश दिए। बाहर से दवाएं लिखें जाने की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि कार्रवाई की जाएगी।
सदर विधायक सबसे पहले जिला अस्पताल पहुंचे। वहां एक मरीज से पैसे लेकर खून के स्थान पर ग्लूकोज चढ़ाए जाने के मामले में चल रही जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद महिला अस्पताल का निरीक्षण किया। अस्पताल में पेयजल समस्या होने पर सीएमएस को तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस दौरान महिला अस्पताल के कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर शिकायत की। विधायक ने एसडीएम को महिला अस्पताल की सुरक्षा बढ़ाने को कहा। उन्होंने भर्ती मरीजों व तीमारदारों से बातचीत कर व्यवस्थाओं व मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली।