महोबा। जनपद में अब फुटपाथ दुकानदारों, सब्जी विक्रेताओं, टेंपो व रिक्शा चालकों को टीका लगेगा। 14 जून से इनके लिए विशेष सत्र चलाए जाएंगे। जनपद में अब तक 1.28 लाख लोगों को टीके लगाए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एमके सिन्हा ने बताया कि जिले में 14 जून से विशेष अभियान चलेगा। जिसमें दूध विक्रेता, सब्जी विक्रेता, ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा चालक, ठेला, खोमचा, रेहड़ी, पटरी व्यवसायी आदि संबंधित वर्ग को टीका लगेगा। उन्होंने बताया कि आरटीओ आफिस में ड्राइवर बूथ बनाकर यहां प्रतिदिन दो सत्रों में टीकाकरण किया जाएगा। 18 से 44 के और 45 पार के लिए 50-50 का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सीएमओ ने बताया कि नगर पालिका परिसर में स्ट्रीट वेंडर्स बूथ स्थापित किए जाएंगे। रोजाना 100 लोगों का वैक्सीनेशन होगा। यहां पटरी दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता, रिक्शा/ठेला चालकों को वरीयता मिलेगी।
एंबुलेंस सेवा रहेगी उपलब्ध
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. जीआर रत्मेले ने बताया कि टीका लगने के बाद लाभार्थी को आधा घंटा निगरानी में रखा जाता है। इसके अलावा बूथों पर आकस्मिक स्थिति के लिए एंबुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी।
टीकाकरण के बाद भी खोल सकेंगे दुकानें
महोबा। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामसुरेश वर्मा ने बताया कि व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की गई है। जिसमें निर्णय लिया गया है कि प्रत्येक दुकानदार को कोविड-19 संक्रमण से बचाव को लेकर वैक्सीनेशन कराया जाना आवश्यक है। अब प्रत्येक व्यापारी वैक्सीन लगवाने के बाद ही अपनी दुकान खोलेंगे। बिना वैक्सीनेशन कराए कोई भी दुकान नहीं खोलेगा। यह आदेश लागू कर दिया गया है। (संवाद)