कबरई (महोबा)। विकासखंड कबरई के उटियां गांव में क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में हथौड़ा ने राठ को 31 रन से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आयोजन समिति की ओर से विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।
फाइनल मैच का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कबरई राजू सिंह ने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त कर किया। राठ ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। निर्धारित 20 ओवर के मुकाबले में हथोड़ा टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 179 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी राठ की टीम 19वें ओवर में 148 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। हथौड़ा ने 31 रनों से फाइनल मुकाबला जीत लिया। मनोज रैकवार 60 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच और रविंद्र साहू मैन ऑफ द सीरीज रहे। मुख्य अतिथि ने विजेता टीम को एक लाख की चेक व विजेता ट्राॅफी और उपविजेता राठ को 51 हजार रुपये व ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया।
इस मौके पर नगर पंचायत कबरई अध्यक्ष के प्रतिनिधि दीपक कुशवाहा, पूर्व चेयरमैन शिवपाल तिवारी, अनुज सिंह राजावत, जिला संयोजक पुष्पेंद्र सिंह, चौधरी सागर सिंह, अरुण कुमार आदि मौजूद रहे।
अंडवारा ने खरेला को पांच विकेट से हराया
चरखारी। ब्लॉक चरखारी के गौरहारी में चल रहे बाबा ब्रह्मदेव क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला अंडवारा और खरेला के बीच खेला गया। खरेला ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में आठ विकेट खोकर 131 रन बनाए। जवाब में उतरी अंडवारा की टीम ने पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल किया। अंडवारा की टीम पांच विकेट से फाइनल जीता। सर्वाधिक 45 रन बनाने पर नफीस को मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज का खिताब मिला। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष जेपी अनुरागी, डॉ. सनद राजपूत, अखंड भारत मिश्रा, मंगल सिंह, जिला पंचायत सदस्य मनोज राजपूत, ग्राम प्रधान खलक सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)