महोबा। विकास खंड जैतपुर के खिरिया कला गांव के तालाब और कुएं लबालब हो गए हैं। इसके बाद भी हो रही लगातार बारिश के चलते खेत, ताल-तलैया और गड्ढे पानी से उफना गए हैं। जिसके चलते जलस्तर इतना अधिक बढ़ गया कि गांव के करीब एक दर्जन हैंडपंप बिना चलाए पानी उगल रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पहली बार हैंडपंपों को अपने-आप पानी उगलते देखा है।
ग्राम खिरिया कला में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश ने इतिहास रच दिया। जो हैंडपंप गर्मी में सूख गए थे। वह बारिश के मौसम में बिना चलाए पानी उगल रहे हैं। इससे ग्रामीण आश्चर्यचकित हैं। गांव के हनुमान मंदिर के पास, बरातशाला के पास बाबू यादव, पंजू व बाबूलाल के घर पास लगे हैंडपंप अपने-आप पानी फेंक रहे हैं। इसके अलावा खेतों के आसपास लगे हैंडपंपों से भी पानी निकल रहा है।
ग्राम खिरिया कला निवासी भवानीदीन, जगतराज, वासुदेव राजपूत ने बताया कि इस साल सितंबर माह में एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया है। सड़क के किनारे दोनों तरफ बने गड्ढे और खाई पानी से लबालब है जबकि चार साल से विकासखंड जैतपुर डार्क जोन घोषित है। इस साल इस ब्लाक को डार्क जोन से निजात मिल सकती है। ग्रामीणों ने बीडीओ प्रशांत कुमार से गांव का रिसर्च कराने की मांग की।