महोबा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के गोल्डन कार्ड बनाने की अवधि बढ़ा दी गई है। चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के प्रमुख सचिव देवेश चतुर्वेदी ने नवंबर माह के अंत तक सभी लक्षित परिवारों में कम से कम एक सदस्य का गोल्डन कार्ड बनाने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि सभी लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड बनाए जाने तक अभियान जारी रहेगा। डीएम व सीएमओ अपने स्तर पर प्रत्येक सप्ताह इसकी समीक्षा करेंगे।
प्रमुख सचिव ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों व मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को भेजे पत्र में बताया है कि समीक्षा के दौरान पाया गया है कि अनेक ऐसे गांव हैं जहां एक भी लाभार्थी परिवार का गोल्डन अभी तक नहीं बना है। कई गांव में ऐसे परिवार भी हैं। जिनके किसी भी सदस्य के पास गोल्डन कार्ड नहीं है। ऐसे गांव व परिवारों का डाटा सभी जनपदों को भेज दिया गया है। कहा है कि जनपद स्तर पर माइक्रो प्लान बनाते हुए गांवों व वार्ड में शिविर लगाकर गोल्डन कार्ड बनवाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. समुन ने बताया कि जनपद में 65,864 लक्षित परिवार हैं। अब तक 33 हजार गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। 535 लोग इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं। प्रमुख सचिव के निर्देश मिलने पर जिला अस्पताल समेत सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात आयुष्मान मित्रों और इससे संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की जा रही है। शेष लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड शीघ्र बनाए जाएंगे। परिवार के मुखिया के कार्ड से ही सभी का इलाज होगा।
कैसे जाने आपका नाम है या नहीं
- निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 180018004444 पर काल करके
- अपने क्षेत्र की आशा कार्यकर्ता से भी जानकारी ले सकते हैं।
- जनसेवा केंद्र में जाकर पता कर सकते हैं।
- अस्पतालों में तैनात आयुष मित्रों के द्वारा भी जानकारी ले सकते हैं।