फोटो 08 एमएएचपी 04 परिचय-शहर के शुक्रवारी बाजार के पास नाले उफनाने से सड़कों पर भरा पानी। संवाद
महोबा। झमाझम बारिश से मंगलवार की रात करीब 12 बजे बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। पठा फीडर की भूमिगत केबल के टैंक में पानी भरने से फॉल्ट हो गया। फीडर से जुड़े आधे शहर की बिजली ठप हो गई। बुधवार की सुबह आठ घंटे बाद बिजली चालू हो सकी। बिजली न आने से रात भर उपभोक्ता गर्मी व उमस में परेशान रहे। सड़कों पर जलभराव होने से घरों और दुकानों में पानी भर गया।
चार दिन से मानसून मेहरबान है। सुबह-शाम लगातार बारिश हो रही है। रात करीब 12 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक शहर में झमाझम बारिश हुई। इससे नाले व नालियां उफना गए। शहर की मुख्य सड़कों पर डेढ़ से दो फीट की ऊंचाई तक पानी भर गया। शुक्रवारी बाजार, इंडियन बैंक के सामने, रोडवेज-प्राइवेट मार्ग, काजीपुरा के पास आदि स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को परेशानी हुई।
बारिश के दौरान पठा फीडर की भूमिगत केबल के टैंक में पानी भर गया। जिससे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुभाषनगर, कल्याण सागर, जेल के पीछे, लवकुशनगर तिराहा, भटीपुरा आदि मोहल्लों की बिजली गुल रहने से उपभोक्ता रतजगा करने को मजबूर रहे। सुबह आठ बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। बिजली न आने से पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही।
आठ घंटे बिजली गुल रहने से लोगों के इन्वर्टर जवाब दे गए। ऐसे में उन्हें परेशानी हुई। उधर, बिजली निगम के अवर अभियंता ओमप्रकाश यादव का कहना है कि बारिश के चलते भूमिगत केबल के टैंक में पानी भरने से बार-बार फाल्ट होने से आपूर्ति प्रभावित हुई। सुबह टैंक से पानी निकलने पर आपूर्ति बहाल कराई गई।