महोबा। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से युवाओं को कंप्यूटर पाठ्यक्रम पर आधारित ट्रिपल-सी व ओ-लेवल का निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पाकर युवा हुनरमंद बन सकेंगे और सरकारी व निजी सेक्टर में नौकरी हासिल कर सकेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की ओर से ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ट्रिपल-सी और ओ-लेवल पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण दिलाया जाता है। पिछले सत्र 2025-26 में विभाग की ओर से 195 अभ्यर्थियों को ओ-लेवल व 107 अभ्यर्थियों को ट्रिपल-सी का प्रशिक्षण दिलाया गया था।
अब वर्ष 2026-27 में युवाओं को प्रशिक्षण दिलाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की गई है। आवेदक की आयु 18 से कम 35 से अधिक नहीं होनी चाहिए।
प्रशिक्षण के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट निर्धारित की गई है। ओ-लेवल प्रशिक्षण एक साल का और सीसीसी प्रशिक्षण 90 दिन का होगा। ऑनलाइन आवेदन की प्रिंटकॉपी सभी अभिलेखों के साथ 20 जुलाई को शाम छह बजे तक विभागीय कार्यालय में जमा करनी होगी। इसके बाद आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कप्तान सिंह ने बताया कि पात्रता शर्तें पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को ट्रिपल-सी व ओ-लेवल का प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।