कस्बे के बड़ी भवानी मंदिर में पंच कुंडीय लक्ष्मीनारायण यज्ञ के आयोजन के अवसर पर डीजे और बैंड बाजाें के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा दौरान महिलाएं सिर पर मंगल कलश रखकर भजन कीर्तन करते हुए चल रही थीं।
बड़ी भवानी मंदिर में दस दिवसीय पंच कुंडीय लक्ष्मीनारायण यज्ञ का शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस अवसर पर अयोध्या से आए यज्ञाचार्य महामंडलेश्वर मोहनदासजी महाराज के नेतृत्व में कस्बे में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा दौरान महिलाएं नृत्य करते अश्व और डीजे व बैंड बाजाें के पीछे सिर पर कलश रखकर चल रही थीं। कलश यात्रा दाऊपुरा, मनोहरगंज, बजरंग कालोनी, बस स्टैंड, भैरवगंज होते हुए पुन: बड़ी भवानी मंदिर में पहुंचकर समाप्त हुई। इस दौरान नृत्य करते अश्व आकर्षण का केंद्र रहे। कलश यात्रा की समाप्ति के बाद कलशाें को यज्ञ वेदी में स्थापित किया गया। यज्ञाचार्य ने बताया कि सुबह नौ बजे से बारह बजे तक प्रत्येक दिन हवन संपन्न कराया जाएगा। उन्हाेंने बताया कि विश्व कल्याण और सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपराह्न तीन बजे से शाम छह बजे तक संगीतमय रामकथा का आयोजन किया जाएगा।