मकान में लगी आग पर काबू पाते दमकलकर्मी
- फोटो : MAHOBA
महोबा/पनवाड़ी। थाना महोबकंठ के खैरोकलां गांव में गुरुवार की रात एक मकान में लगी आग से नगदी समेत लाखों का रुपये कीमत का माल जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड ने तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया। आग मच्छर भगाने वाली क्वायल से लगने का अनुमान है।
खैरोकलां गांव निवासी हरचरण कुशवाहा किसान व पशुपालक है। कच्चे मकान के बाहर के हिस्से में वह मवेशी बांधे था। गुरुवार की रात हरचरण ने मच्छरों से बचाव के लिए धुआं किया था। देर रात धुएं से निकली चिंगारी से मकान में आग लग गई। उन्होंने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची दमकल ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दो दमकल गाड़ियां बुलानी पड़ी लेकिन तब तक कच्चा मकान, गृहस्थी व कीमती सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित ने बताया कि आग की घटना में पांच हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के आभूषण, खाद्यान्न, गृहस्थी, भूसा समेत दो लाख रुपये से अधिक की कीमत का माल जलकर बर्बाद हो गया।