महोबा। जिला निर्वाचन अधिकारी मृदुल चौधरी ने लोकसभा चुनाव को लेकर सेक्टर मजिस्ट्रेटों की ओर से मतदान केंद्रों के भ्रमण के दौरान मिली कमियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि किसी भी मतदान केंद्र पर मलबा और ईंट पत्थर नहीं होना चाहिए। सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट ईवीएम व वीवीपैट का प्रशिक्षण अच्छे ढंग से कर लें। ताकि, मतदान के दिन किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।
डीएम ने कहा कि सभी बूथों पर बिजली, पानी, शौचालय, रैंप, टेंट आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जिन मतदान केंद्रों पर जलस्तर नीचे है, वहां टैंकरों से पानी की व्यवस्था की जाए। जिन मतदान केंद्रों में बिजली तार नीचे होने की समस्या आ रही है, उन्हें तत्काल ऊपर किया जाए। उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता से मतदान केंद्रों तक की सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामप्रकश, एडीएम न्यायिक शिशिर कुमार, एडीएम नमामि गंगे मोइनुल इस्लाम, एसडीएम कुलपहाड़ अनुराग प्रसाद, डिप्टी कलेक्टर मृत्युंजय मिश्रा, सविता राजपूत आदि मौजूद रहे।