महोबा। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर लोग अस्पताल जाने से बच रहे हैं। दिन में तेज धूप निकलने और बीच-बीच में बारिश होने से मौसम बदल रहा है। ऐसे में लोग विभिन्न बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। लोगों को घर बैठे चिकित्सीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अमर उजाला ने अभियान शुरू किया है। जिसके तहत शनिवार को जिला अस्पताल के नाक, कान व गला रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र कुमार राजपूत ने सुबह 11 बजे से 12 बजे तक लोगों को मोबाइल फोन पर परामर्श दिया। अधिकांश लोगों ने जुखाम, खांसी व गले में खराश होने की समस्या बताई। चिकित्सक ने लोगों को गुनगुने नमक-पानी का गरारा करने की सलाह दी। कहा कि नाक की समस्या दिमाग तक पहुंचती है, जबकि गले की समस्या फेफड़ों समेत अन्य अंगों को प्रभावित करती है। ऐसे में दिक्कत होने पर तत्काल चिकित्सक से जांच व उपचार कराएं।
चिकित्सक ने दिए जवाब
1- सवाल, काफी दिन से गले में खराश है, जुखाम भी रहता है, क्या करें -ललित विश्वकर्मा, श्रीनगर
जवाब-गले में खरास व जुखाम की समस्या होने पर पानी में नमक डालकर उसे गुनगुना कर लें और दिन में तीन से चार बार गरारा करें। पूड़ी, पराठा व तेल मसाला के भोजन से परहेज करें। ज्यादा दिक्कत हो तो चिकित्सक से सलाह लें।
2-सवाल, काफी समय से कान बहता है इलाज के बाद भी आराम नहीं मिल रहा, क्या करें -जीतेंद्र नामदेव, बरा
जवाब- कान की समस्या है तो जांच कराएं। कान बहने की दिक्कत होने पर बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। ध्यान रखें कि कान सूखा रहे और उसमें पानी न जा पाए। नहाते समय कान में रुई अवश्य लगा लें। उपचार कराने से समस्या दूर होगी।
3-सवाल, सर्दी जुखाम के चलते गला बैठ गया है, बोलने में दिक्कत होती है क्या करें -रूबी, खन्ना
जवाब- गले में खराश है तो नमक पानी का गरारा करें। यदि समस्या ज्यादा है तो नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में आकर जांच कराए। जांच के बाद समस्या सामने आएगी। उपचार कराने से आराम मिलेगा।
4-सवाल, काफी समय से जुखाम रहता है, एलर्जी की समस्या है, क्या करें -प्रेम पटेल, श्रीनगर
जवाब- यदि जुखाम काफी दिनों से है तो अस्पताल आकर जांच कराएं। एलर्जी के लिए मोंटीकोप टेबलेट लें, जल्द आराम मिलेगा। धूल व धुआं का बचाव कर सावधानी बरतें।
5- सवाल, काफी दिनों से कान में दर्द रहता है क्या करें -बृजेश कुमार, मुस्करा
जवाब- कान में इन्फेक्शन दर्द का कारण हो सकता है। यदि कान में लंबे समय से दर्द है तो सोलीवेक्स ड्रॉप लेकर दिन में तीन बार डालें। लकड़ी आदि कान में न डालें। जिससे इन्फेक्शन बढ़ने खतरा रहता है। संभव हो तो अस्पताल आकर जांच कराएं, जिससे जल्द आराम मिलेगा।
6-सवाल, काफी समय से चेहरे पर दाग हैं, इलाज कराने के बाद भी आराम नहीं मिला, क्या करें-नारायण कुशवाहा, श्रीनगर
जवाब-चेहरे में दांग व फुंसी की समस्या गर्मी के मौसम में पसीना आने की वजह से हो जाती है। ऐसे में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। दिन में कई बार साबुन से चेहरा साफ करें।
7- सवाल- जुकाम है, नाक बंद हो रही है, जिससे बेचैनी बढ़ जाती है क्या करें -शीलू, महोबा
जवाब- नाक बंद होने की समस्या से निजात के लिए नेजल ड्राप का प्रयोग करें। भाप लेने से भी आराम मिलेगा। दो से तीन दिन में जुखाम ठीक हो जाता है। यदि समस्या का समाधान न हो तो अस्पताल आकर जांच व उपचार कराएं।
8- सवाल- दिन में कई बार छीकें आती हैं, धूल से एलर्जी हैं क्या करें -नवल किशोर, श्रीनगर
जवाब- छींकते समय नाक और मुंह में तौलिया व रुमाल अवश्य लगाएं। धूल व धुआं से बचाव करें। आराम न मिलने पर जिला अस्पताल आकर जांच कराएं। लापरवाही बरतने से बीमारी बढ़ जाती है, जिससे समय से उपचार बेहद जरूरी है।
9-सवाल-लंबे समय से कान बह रहा है, एक बार इलाज कराया पर आराम नहीं मिला, क्या करें -प्रमोद धुरिया, इंगोहटा
जवाब-कान की समस्या की जांच करनी आवश्यक है। यदि लंबे समय से दिक्कत है तो अस्पताल आकर जांच कराएं, जिससे बीमारी का पता चल सके। कान में लकड़ी आदि न डाले, जिससे इन्फैक्शन का खतरा रहता है। उपचार कराने पर समस्या से निजात मिलेगी।
10- सवाल-कान में सनसनाहट रहती है, जिससे सुनने में दिक्कत होती है क्या करें- आरिफ अहमद, महोबा
जवाब- कान सुन्न होने की समस्या गंभीर है। इसके लिए अस्पताल आकर जांच कराए और उपचार लें। कान साफ करने के लिए लकड़ी आदि न डालें। चिकित्सक की सलाह से ही उपचार लें।