महोबा। ग्राहकों को डेढ़ से दोगुनी रकम का लालच देकर पैसा जमा कराने और समय सीमा पूरी होने के बाद पैसा वापस न करने पर निजी कंपनी के प्रबंधक समेत दो लोगों पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
मुख्यालय निवासी प्रदीप पुरवार, अमित चौरसिया, सुरजीत कुमार, शेख मुईनउद्दीन, उदित नारायण ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि छह साल पहले उन्होंने शहर में निजी कंपनी के संचालित दो कार्यालयों में प्रबंधकों के पास रुपये जमा किए थे। एफडी व आरडी के नाम पर रुपये जमा कराए गए। समय सीमा पूरी होने पर पैसा वापस किए जाने की मांग की तो उन्हें टरकाया जाता रहा। कुछ ग्राहकों ने एजेंटों के माध्यम से पैसा जमा किया था। इनके ऊपर लगातार ग्राहक पैसा देने का दबाव बना रहे हैं। पुलिस ने निजी कंपनी की समदनगर शाखा के प्रबंधक राजकिशोर पाठक व फतेहपुर बजरिया शाखा के प्रबंधक राजकुमार द्विवेदी के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है। (संवाद)