महोबा। नौकरी दिलाने के नाम पर हजारों की नगदी ऐंठ लेने और पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी देेेने के मामले में न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शहर के मोहल्ला फतेहपुर बजरिया निवासी इमरान पुत्र महफूज अली ने बताया कि एक प्राइवेट संस्था ने उसे नौकरी दिलाने के नाम पर सात माह पहले 20 जनवरी को 30 हजार रुपये जमा करा लिए और नौकरी भी नहीं दी। पैसे लौटाने की मांग की तो गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी न्याय न मिलने पर पीड़ित ने न्यायालय का सहारा लिया।
न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने संस्था संचालक चंद्रशेखर पुत्र पन्नालाल निवासी ग्राम किल्हौवा पनवाड़ी, कृष्ण कुमार सैनी, निधि सैनी व रामबाबू सैनी निवासी मोहल्ला टौरियापुरा कुलपहाड़ के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना एसआई उपेंद्र सिंह को सौंपी गई है।