मरीजों से फुल जिला अस्पताल के वार्ड के बेड
- फोटो : MAHOBA
महोबा। सोमवार को जिला अस्पताल में बुखार की चपेट में आने से मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई जबकि आधा सैकड़ा से अधिक मरीज वार्ड में भर्ती हैं। प्राइवेट क्लीनिकों में भी सर्दी, जुकाम व बुखार के मरीजों की भरमार है।
जिले में वायरल बुखार का कहर जारी है। अगस्त माह में जहां अस्पताल में प्रतिदिन चार से पांच सैकड़ा मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे थे। वहीं अब मरीजों का आंकड़ा 900 पार कर गया है। पर्चा बनवाने से लेकर दवा लेने तक मरीजों को घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को जिला अस्पताल में 958 मरीज पंजीकृत किए गए।
कस्बा कबरई निवासी रफीक की डेढ़ वर्षीय पुत्री जैश्मीन की रविवार की रात अचानक हालत बिगड़ गई। तेज बुखार होने पर परिजन उसे जिला अस्पताल लाए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसी तरह शाह पहाड़ी गांव निवासी अंकित (10) व पठनऊपुरा निवासी इरफान (18) को वायरल बुखार होने पर जिला अस्पताल लाया गया। जहां दोनों की मौत हो गई। शहर के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी गेंदारानी (65) तीन दिन से बुखार से पीड़ित थी। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर जिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. आरपी मिश्रा का कहना है कि मौसम में बदलाव से संक्रामक बीमारियों के मरीजों में इजाफा हुआ है। साफ-सफाई व खानपान में एहतियात बरतने की सलाह दी जा रही है।