कबरई (महोबा)। पुलिस ज्यादती व अवैध खनन के खिलाफ मंडल मुख्यालय बांदा में बुंदेलखंड किसान यूनियन के बैनर तले चल रहे अनशन के बाद कमिश्नर के निर्देश पर गठित चार सदस्यीय टीम ने मंगलवार को कबरई के सिंघनपुर बघारी पहाड़ पर अवैध खनन की जांच की। इस दौरान आसपास के किसानों की जमीनों की नाप कराई। पीड़ित किसानों का आरोप है कि टीम ने खनन क्षेत्र की नाप नहीं की जबकि पट्टाधारक द्वारा अपने आवंटित क्षेत्र से अधिक क्षेत्र में खनन कार्य किया जा रहा है।
सिंघनपुर बघारी गांव के पीड़ित किसानों ने आठ दिसंबर से बांदा में धरना-प्रदर्शन शुरू किया था। किसानों की लड़ाई की अगुवाई कर रहे बुंदेलखंड किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विमल शर्मा ने नौ दिसंबर को पुलिस महानिरीक्षक व मंडलायुक्त को पत्र देकर बताया था कि सिंघनपुर गांव में साबरा खातून के नाम खनन पट्टा आवंटित है। पट्टा धारक द्वारा निर्धारित क्षेत्र से अधिक स्थान पर खनन किया जा रहा है।
इसी मामले में कमिश्नर दिनेश सिंह ने एडीएम बांदा उमाकांत त्रिपाठी, एसडीएम महोबा जीतेंद्र सिंह, सीओ सदर रामप्रवेश राय व खनन अधिकारी शैलेंद्र सिंह की चार सदस्यीय टीम गठित की थी। टीम ने सिंघनपुर बघारी गांव पहुंच सर्वेयर व निरीक्षक के साथ खनन क्षेत्र व खनन किए जा रहे क्षेत्र की नापजोख कराई।