थाना क्षेत्र के ग्राम धवार में दो पशुबाड़ा व दो घरों में आग लगने से लाखों रुपये की संपत्ति राख हो गई। दो घंटे की मशक्कत के बाद दमकल और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
शुक्रवार की दोपहर अनंतराम के पशुबाड़े के बाहर रखे फूस में अचानक आग लग गई। इसने पशुबाड़ा को चपेट में ले लिया। आग से पशुबाड़े में रखी लकड़ी व अन्य सामान जल गया। पशुबाड़े से निकलीं आग की लपटों ने पड़ोसी जगदीश कुमार के पशुबाड़े को चपेट में ले लिया। इससे यह पशुबाड़ा भी जलने लगा। इसी बीच तेज हवाओं से आग पड़ोसी अवधेश शुक्ला के मकान में पहुंच गई।
आग की लपटें देखकर गांव में चीख पुकार मच गई। गांव के लोग आग बुझाने में जुट गए। आग की सूचना फायर स्टेशन को दी गई। दमकल पहुंचने से पहले लपटों ने चंद्रकरन के मकान को चपेट में लिया। दमकल पहुंचने के बाद करीब दो घंटे में आग पर काबू पाया गया। आग से करीब दो लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान बताया जा रहा है। पीड़ितों ने तहसीलदार से मुआवजा की मांग की है।