पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी लेते पूर्व मंत्री जीसी दिनकर
- फोटो : MAHOBA
पनवाड़ी (महोबा)। थाना पनवाड़ी के बुड़ेरा गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान की ठंड लगने से मौत हो गई। सीने में दर्द होने और हाथ-पैर अकड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक पर एक लाख रुपये का बैंक कर्ज था। परिवार के मुखिया की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। बुड़ेरा गांव निवासी किसान जगत राजपूत (45) पुत्र रामेश्वर पांच बीघा जमीन में खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। खेती में सही उपज न होने पर किसान ने आर्यावर्त बैंक पनवाड़ी से किसान क्रेडिट कार्ड पर एक लाख रुपये का कर्ज लिया था।
शनिवार की रात करीब आठ बजे घर से खाना खाकर किसान खेत की रखवाली करने गया था। रात 12 बजे अचानक जगत राजपूत के सीने में दर्द हुआ और हाथ-पैर अकड़ गए। आवाज सुनकर आसपास खेतों में मौजूद किसान पहुंचे और परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में किसान को इलाज के लिए सीएचसी पनवाड़ी ले जाया गया पर रास्ते में मौत हो गई। किसान की मौत से पत्नी अनीता व दो बच्चों दीपांशी (16) और मयंक (12) का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी ने बताया कि बेटी की शादी व कर्ज की अदायगी को लेकर पति परेशान रहते थे। पूरे दिन मृतक के घर ढांढस बंधाने वालों के पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। सूचना पर पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही कारण पता चलेगा।