कबरई (महोबा)। कस्बा के किदवई नगर में लकड़ी की गुमटी में शुक्रवार की रात आग लग गई। इससे गुमटी में रखा हजारों रुपये कीमत का सामान जल गया। दुकान मालिक ने अराजक तत्वों पर गुमटी में आग लगाने की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है।
किदवई नगर निवासी रामस्वरूप की चाय की दुकान सरस्वती विद्या मंदिर के पास है। शुक्रवार की देर रात गुमटी में आग लग गई। जब आग लगी तब वह पत्नी के साथ सो रहा था। दंपति ने किसी तरह निकलकर जान बचाई। दुकानदार को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (संवाद)