महोबा। महोबा-खजुराहो-ललितपुर रेलवे ट्रैक पर स्थित बिरारी, उदयपुरा समेत झांसी मंडल के 13 रेलवे स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इन स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज न होने से यात्रियों को पटरियां पार करनी पड़ती हैं। अब वह फुट ओवर ब्रिज से आसानी से आवाजाही कर सकेंगे।
इन स्टेशनों पर यात्रियों को एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए रेल पटरियां पार करनी पड़ती हैं। इससे कई बार लोग ट्रेन हादसों का शिकार हो जाते हैं। इससे यात्रियों की जान को जोखिम बना रहता है। साथ ही इन हादसों से ट्रेनों की लेटलतीफी भी होती है। ऐसे में उत्तर-मध्य रेलवे झांसी मंडल की ओर से 13 रेलवे स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज बनाने का निर्णय लिया है।
बिजरौठा और जखौरा रेलवे स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। धवर्रा रेलवे स्टेशन पर रुका हुआ निर्माण कार्य अब फिर से शुरू कर दिया गया है।
अन्य स्टेशनों पर भी फुटओवर ब्रिज निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर, झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि 13 स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। जिसमें से तीन स्टेशनों पर काम शुरू कर दिया गया है।