महोबा/ पनवाड़ी। पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर आग लगी हुई हैं। ऐसे में हर कोई सस्ते पेट्रोल डीजल की आस लगाए हुए है। जिले के मध्य प्रदेश सीमा से सटे पेट्रोल पंपों पर लोग सस्ता पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
पनवाड़ी ब्लॉक के सोरा, बगरोनी से एमी की सीमा की दूरी महज चार से पांच किलोमीटर है। जिससे एमपी के छतरपुर जिले के लोग पांच किलोमीटर की दूरी तय कर करीब 11 रुपये लीटर सस्ते पेट्रोल का लाभ उठा रहे हैं। जिससे पंपों पर वाहन स्वामियों की लाइन लग जाती है। जिले में पेट्रोल की कीमत 100.01 रुपये प्रति लीटर व डीजल की कीमत 91.25 रुपये प्रति लीटर है। वहीं छतरपुर में पेट्रोल की कीमत 111.51 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत 99.86 रुपये प्रति लीटर है। यूपी और एमपी में पेट्रोल डीजल की कीमतों पर भारी अंतर होने से लोग सस्ते पेट्रोल-डीजल के लिए जिले के पेट्रोल पंप पर दौड़ लगा रहे हैं।
एपी की सीमा के समीप स्थित चौका सोरा में डीजल पंप और बगरोनी पेट्रोल पंप स्थित हैं। जहां रोजाना एमपी के लोग पेट्रोल डीजल भरवाने के लिए पहुंच रहे हैं। चौका सोरा के पंप संचालक अरुण अग्रवाल का कहना है कि पंप में इस समय डीजल के सबसे अधिक लोग आते हैं। यूपी-एमपी दोनों प्रदेशों के लोग डीजल खरीदने आ रहे हैं।
पेट्रोल के भाव में मिल रहा डीजल
पेट्रोल-डीजल की भारी कीमतों का अंतर इतना है कि एमपी में जितने रुपये लीटर डीजल मिल रहा है उतने में यूपी में पेट्रोल मिल रहा है। जिले में पेट्रोल की कीमत 100.01 रुपये प्रतिलीटर व छतरपुर में डीजल की कीमत 99.86 रुपये प्रति लीटर है।
एमपी में सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर टैक्स अधिक लगाया है जिससे वहां दोनों की कीमतों में उछाल है, जबकि यूपी सरकार ने टैक्स कम लगाया है जिससे सस्ता है। बार्डर पर स्थित पंपों पर छतरपुर के लोग पेट्रोल-डीजल के लिए पहुंच रहे हैं।
प्रशांत कुमार गुप्ता, अध्यक्ष, पेट्रोलियम एसोसिशन महोबा