महोबा। झांसी मंडल के सभी रेल खंडों और प्रमुख स्टेशनों पर शनिवार रात से रविवार शाम तक एक साथ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 2,334 बिना टिकट और अनियमित यात्रियों से कुल 19.72 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, बांदा, उरई, चित्रकूटधाम कर्वी, ललितपुर, खजुराहो, मुरैना, महोबा सहित मंडल के अन्य छोटे-बड़े स्टेशनों पर जांच की गई।
जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और गंदगी फैलाने के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 2,334 यात्रियों से 19,72,138 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक मनोहरलाल मीणा, राजीव शर्मा, अशोक त्रिपाठी, विनयशंकर श्रीवास्तव, संजय सोनकर, प्रदीप श्रीवास, रामकेश मीणा, ज्ञान सिंह, अविनाश, अमित गुप्ता समेत अन्य कर्मी शामिल रहे।