फोटो 08 एमएएचपी 09 परिचय-थाना खरेला में तहरीर देने पहुंचीं छात्राएं। संवाद
खरेला (महोबा)। खरेला कस्बा में कोचिंग व कंप्यूटर प्रशिक्षण के नाम पर रुपये वसूले जाने से नाराज छात्राओं ने मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को 50 से अधिक छात्राओं ने थाने में तहरीर दी। बताया कि उनसे प्रशिक्षण के नाम पर 10 से 30 हजार रुपये वसूले गए। अब संचालक उत्पाद बेचने की बात कह रहा है। उन्होंने रकम वापस कराकर कार्रवाई की मांग की।
छात्रा करिश्मा, मानसी, मोहिनी, काजल, चांदनी, अनुराधा, बबली, प्रतीक्षा आदि ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि एक संचालक कस्बे में किराये के मकान में सात माह से कंप्यूटर कोचिंग सेंटर के नाम पर गुमराह कर रहा है। आरोप लगाया कि 100 से अधिक छात्राओं से प्रशिक्षण के बजाय मार्केटिंग का कार्य कराया जा रहा है। इतना ही नहीं संचालक ने अधिक आय होने का लालच देकर सभी छात्राओं से करीब 10 लाख रुपये हड़प लिए हैं।
कोचिंग सेंटर के नाम पर मार्केटिंग का कार्य कराया जा रहा है। जब उन्होंने प्रशिक्षण देने व कोचिंग पढ़ाने की बात कही तो घर-घर उत्पाद बेचने का दबाव बनाया जा रहा है। थानाध्यक्ष नन्हेलाल यादव का कहना है कि छात्राओं के साथ आर्थिक शोषण करने वाले संचालक को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।