फसल बर्बाद हो जाने और कर्ज की अदायगी को लेकर परेशान किसान
शुक्रवार को सदमा लगने से खेत में गिर गया। उसे आनन फानन में जिला अस्पताल
ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की मौत से
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मझलवारा निवासी इंद्रपाल (48) पुत्र सरुआ ने अपने खेत में मटर और चने की फसल की बुवाई की थी। उसने फसल की बुवाई के समय बैंक से 75 हजार रुपये और साहूकारों से 30 हजार रुपये कर्ज लिया था। किसान को अच्छी फसल की उम्मीद थी। लेकिन अतिवृष्टि और ओलावृष्टि की भेंट चढ़ जाने से फसल बर्बाद हो गई। जिससे फसल की लागत तक नहीं निकल सकी थी। बैंक और साहूकारों के कर्ज के साथ-साथ दो बेटियों की शादी की चिंता को लेकर किसान खासा परेशान रहने लगा था। गुरुवार की शाम खेत पर तारबाड़ी करते समय अचानक सदमा लगने से वह गिरकर अचेत हो गया। किसान को खेत में पड़ा देख ग्रामीणों ने उसे आनन- फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किसान की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।