महोबा। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक की ओर से लघु और सीमांत किसानों के लिए मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना के शुभारंभ पर बुधवार को सेवायोजन सभागार में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान बताया कि इसके तहत छह फीसदी रियायती वार्षिक दर पर किसानों को छह लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना व भारत टैक्सी सेवा का शुभारंभ किया। सीएम के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कार्यक्रम के दौरान दिखाया गया। सहायक निबंधक एवं सहायक आयुक्त सहकारिता अर्जेंद्र सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य लघु और सीमांत किसानों को सुलभ व रियायती दर पर दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराकर उनकी कृषि उत्पादकता और आय को समृद्ध करना है।
समय से ऋण की किस्त जमा करने वाले किसानों को राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान का लाभ दिया जाएगा। इस दौरान किसानों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद पुष्पेंद्र सिंह, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष चक्रपाणि त्रिपाठी, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहनलाल कुशवाहा, एडीसीओ परमानंद अनुरागी, पंकज कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक सुखराम वर्मा, सौरभ त्रिपाठी, दिलीप कुमार, अविनाश पटेल, आलोक कुमार आदि मौजूद रहे।