फोटो 23 एमएएचपी 14 परिचय-बैठक में समस्या सुनते यूपीडा के एडीएम। संवाद
-यूपीडा के अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक कर सुनीं समस्याएं
-बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे 600 बीघा भूमि में तैयार होना है गलियारा
संवाद न्यूज एजेंसी
खन्ना (महोबा)। कस्बा खन्ना में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए तैयारी जोरों पर हैं। यूपीडा की ओर से इसके लिए 600 बीघा जमीन अधिग्रहीत की जा रही है। कुछ किसान अपनी भूमि देने को तैयार नहीं है। इसको लेकर रविवार को यूपीडा के अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक कर चर्चा की और शीघ्र भूमि अधिग्रहीत कराने के निर्देश दिए।
यूपीडा की ओर से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारा विकसित करने के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई की जा रही है। करीब 550 बीघा भूमि अधिग्रहीत की जा चुकी है। कुछ किसान सर्किल रेट से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने 50 बीघा जमीन का बैनामा नहीं किया। इस पर यूपीडा के अधिकारियों ने किसानों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
राजधानी लखनऊ से आए यूपीडा के एडीएम अजय कुमार ने बताया कि औद्योगिक गलियारा विकसित होने में देरी हो रही है। जिन किसानों की भूमि अर्जन के लिए रह गई है, उसे जल्द अधिग्रहण करवा दी जाए। ऐसा न करने पर किसान की धनराशि कोषागार में भेज दी जाएगी और भूमि अधिग्रहीत कर ली जाएगी। किसानों का कहना है कि एक्सप्रेसवे के किनारे भूमि का सर्किल रेट पांच गुना बढ़ गया है लेकिन रेट नहीं बढ़ाए जा रहे हैं। इस मौके पर लखनऊ से आए विनोद श्रीवास्तव, अनूप कुमार, डॉ. अनामिका, रूपेश सिंह, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष शिवशंकर सिंह, तहसीलदार अभिषेक मिश्रा आदि मौजूद रहे।