महोबा/बेलाताल। जिले में खाद को लेकर मारामारी मची है। जैतपुर समिति में सुबह पांच बजे से लंबी-लंबी कतारों में लगे किसानों का आक्रोश उस समय फूट पड़ा, जब अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी समिति में खाद नहीं भेजी गई।
इससे नाराज किसानों ने जैतपुर-नौगांव मार्ग पर ड्योढ़ी तिराहे के पास जाम लगा दिया। ढाई घंटे बाद खाद आने और अधिकारियों का आश्वासन मिलने पर जाम खोला गया।
जिले की अधिकांश समितियों में किसानों को भरपूर खाद नहीं मिल पा रही है। एक से दो बोरी खाद मिलने पर वहीं किसान दोबारा अगले दिन लाइन में लगने को मजबूर हैं। शुक्रवार को किसानों ने पीसीएफ व सहकारी समिति जैतपुर में खाद न मिलने पर दो स्थानों पर जाम लगाया था।
एसडीएम ने शनिवार को खाद का वितरण कराने का भरोसा दिया था। जिसके चलते सुबह पांच बजे से ही महिला और पुरुष किसान समिति पहुंच गए। आठ बजे तक खाद न आने से किसान भड़क गए और ड्योढ़ी तिराहे पर जाम लगा दिया। इस दौरान किसान ने जमकर नारेबाजी की।
जाम के चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रहीं। तब पुलिस पुलिस ने एनाउंसमेंट कराया कि खाद का ट्रक आ गया है। सभी किसान एसके महाविद्यालय परिसर में पहुंचकर खाद लें, इसके बाद जाम खुल सका। ट्रक में 600 बोरी डीएपी आई।
भीड़ अधिक होने के चलते एडीएम रामप्रकाश, अपर एसपी वंदना सिंह व एसडीएम अनुराग प्रसाद की मौजूदगी में किसानों को एक-एक बोरी खाद का वितरण कराया गया।
निगरानी करती वन कर्मियों की टीम। -स्त्रोत। वन विभाग।