फोटो 30 एमएएचपी 04 परिचय-किसान पुष्पेंद्र राजपूत (फाइल फोटो)। स्रोत: परिजन
महोबकंठ (महोबा)। थाना महोबकंठ के पचारा गांव में बृहस्पतिवार की सुबह अनियंत्रित टैंकर पलटने से निर्माणाधीन सीसी सड़क के किनारे बैठे किसान की दबकर मौत हो गई। घटना से परिजन में चीख-पुकार मच गई। पुलिस टैंकर को कब्जे में लेकर हादसे की जांच कर रही है।
पचारा निवासी किसान पुष्पेंद्र राजपूत (30) सात बीघा भूमि में पिता के साथ खेती-किसानी और मजदूरी करता था। सुबह वह गांव में किराना दुकान के सामने सीसी सड़क के किनारे बैठा था। इसी दाैरान मोड़ पर निर्माणाधीन सीसी सड़क पर पानी का छिड़काव कर रहा टैंकर चालक संतुलन खो बैठा। इससे टैंकर अनियंत्रित होकर किसान के ऊपर पलट गया। हादसे की तेज आवाज सुन आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत से टैंकर के नीचे दबे पुष्पेंद्र को बाहर निकालकर सीएचसी जैतपुर पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से पिता मंगल राजपूत, मां ममता, भाई रंजीत, पत्नी रीता, एक बेटी व बेटा रो-रोकर बेहाल हैं। महोबकंठ थानाध्यक्ष विनोद कुमार सरोज का कहना है कि अनियंत्रित टैंकर पलटने से युवक की मौत हुई है। घटना की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।