महोबा। डीएम गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में कजली मेला के आयोजन को लेकर महोबा संरक्षण एवं विकास समिति की बैठक हुई। डीएम ने कहा कि कजली महोत्सव में बुंदेली थीम पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने आल्हा मंच पर भी सभी व्यवस्थाएं करने और स्टेशन रोड की मरम्मत कराने के निर्देश पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को दिए।
कजली मेला 29 अगस्त से चार सितंबर तक एक सप्ताह आयोजित होगा। डीएम ने कहा कि महोबा आल्हा-ऊदल की ऐतिहासिक कर्मभूमि है। यहां अनेकों ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धरोहर हैं। कजली महोत्सव में प्रतिदिन किसी न किसी रूप से कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने समिति के सदस्यों से एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रमों की सूची तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में समाजसेवियों, साहित्यकारों व अन्य लोगों से सुझाव लिए गए। एसपी शशांक सिंह ने कजली मेला के दौरान समुचित सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। सुरक्षा के मानकों का पालन करने में सभी लोग सहयोग करें। यहां पर जिला पंचायत प्रशासक जेपी अनुरागी, पालिकाध्यक्ष संतोष चौरसिया, सीडीओ बलराम कुमार, एडीएम वित्त कुंवर पंकज, एएसपी वंदना सिंह, एडीएम नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. विनय कुमार, समाजसेवी दाऊ तिवारी, व्यापारी नेता रामजी गुप्ता, बीके तिवारी, अबोध सोनी, आदि मौजूद रहे।
स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का सुझाव
विधायक सदर राकेश गोस्वामी ने कजली महोत्सव को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के साथ पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष और बेहतर तरीके से मेले के आयोजन के संबंध में निर्देश दिए। विधान परिषद सदस्य जितेन्द्र सिंह सेंगर ने कहा कि कजली मेला महोबा का पर्व है। इस दौरान बेहतर मनोरंजन व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने मेले में स्थानीय कलाकारों को प्राथमिकता देने का सुझाव दिया। (संवाद)
ई-लॉटरी से आवंटित होंगी दुकानें
बैठक में डीएम ने कहा कि दुकानें आवंटित करने के लिए ई-लॉटरी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने शोभायात्रा की आवश्यक तैयारी किए जाने, मेले में सीसीटीवी, बैरिकेडिंग, पार्किंग और बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कीरत सागर में बैरिकेडिंग लगाने, लाइट व साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था किए जाने के निर्देश पालिका अधिशासी अधिकारी अवधेश कुमार को दिए। (संवाद)