थानाक्षेत्र के ग्राम बुड़ेरा में खेत में जानवर घुसने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ जाने पर दोनों पक्षोें ने गोलियां चलाईं। जिससे गांव में भगदड़ मच गई। पुलिस ने दोनों गुटाें के दो लोगों को हिरासत में लिया है जबकि अन्य लोग भाग गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है।
थानाक्षेत्र के ग्राम बुड़ेरा निवासी अरुण राजपूत और रवींद्र राजपूत का खेत अगल-बगल है। गुरुवार को अरुण के खेत में जानवर घुस गए। तभी अरुण के बटाईदार बैजनाथ ने खेत से जानवर भगाए तो वे पड़ोसी रविंद्र राजपूत के खेत में घुस गए। इस पर रविंद्र और बटाईदार बैजनाथ का विवाद हो गया। विवाद होने पर अरुण राजपूत भी पहुंच गया। इस दौरान दोनों में नोंकझाेंक हुई। मामला थाने तक पहुंच गया लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और भगा दिया।
शाम को अरुण और रविंद्र के बीच इसी बात को लेकर फिर कहासुनी हो गई। जिससे दोनों पक्षों के लोग तमंचे लेकर आ आए। शाम करीब छह बजे दोनों गुटाें में फायरिंग हुई, जिससे गांव में भगदड़ मच गई। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण जहां के तहां दुबक गए। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गया और अरुण राजपूत व रविंद्र राजपूत को हिरासत में ले लिया। जबकि अन्य लोग भाग गए। थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।