संवाद न्यूज एजेंसी
चरखारी (महोबा)। समाधान दिवसों में कई बार शिकायत दर्ज कराने के बाद भी निस्तारण न होने से फरियादियों का मोहभंग हो रहा है। इसलिए समाधान दिवस में फरियादियों का टोटा रहा।
शनिवार को आयोजित होने वाले समाधान दिवस के दिन महाशिवरात्रि का पर्व होने के चलते सोमवार को तहसील चरखारी में डीएम मनोज कुमार व एसपी अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में हुआ। अधिकारी फरियादियों का इंतजार करते रहे। पूरे दिन में महज 12 फरियादी ही शिकायत दर्ज कराने पहुंचे। इनमें से एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। इस मौके पर सीडीओ चित्रसेन सिंह, एसडीएम स्वेता पांडेय, सीएमओ डॉ. डीके गर्ग, बीडीओ आरके सेठ आदि मौजूद रहे।
-
चक्कर पर चक्कर, राहत नहीं
भटेवराकलां गांव निवासी अनुसुईया ने समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराई कि उसकी आवासीय भूमि पर दबंग कब्जा किए हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज व धमकी दे रहे हैं। इसकी शिकायत कई बार की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
कजियाना निवासी सफीक ने समाधान दिवस में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि वह भूमि में सह खातेदार है। जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है। चार माह से वह क्षेत्रीय लेखपाल के चक्कर लगा रहा है। कई बार शिकायत दर्ज कराई लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वह एक बार फिर न्याय की आस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा।