महोबा। कीरत सागर के पास कुछ समय पहले एक बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया था। क्षतिग्रस्त पोल को बदलने के लिए विभागीय अधिकारियों ने पास में ही दूसरा पोल लगवा दिया।
इसी स्थान से पेयजल आपूर्ति की पाइप लाइन गुजरी है। बिजली पोल लगाने के कार्य से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से आधे शहर की आपूर्ति दो दिन से ठप है।
शहर के कीरत सागर के सामने सड़क के दूसरी ओर जल संस्थान की टंकी बनी है। इसी टंकी से जकरियापीर, आलमपुरा, फतेहपुर बजरिया, रामकथा मार्ग, मलकपुरा, खोया मंडी, चरखारी बाईपास, नारूपुरा समेत कई मोहल्लों में पेयजल आपूर्ति होती है।
लोगों की मानें तो पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से लाइन का पानी सड़क पर आ गया और इलाके की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। इससे लोग परेशान रहे। इसकी शिकायत जलापूर्ति करने वाली कंपनी के प्रबंधक को दी गई। तब कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर शैलेष सिंह ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की और पाइप लाइन से खंभा उखाड़ने की मांग की।
प्रोजेक्ट मैनेजर ने बताया कि कीरत सागर पर टंकी भरने की मुख्य लाइन क्षतिग्रस्त कर दी गई है। बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता एसएस गौतम का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। फिर भी यदि जल संस्थान की पाइप लाइन पर पोल लगाया गया है तो उसे हटवाया जाएगा।