थाना क्षेत्र के ग्राम धरौन में एयरटेल टावर में बिजली
लाइन में आई खराबी ठीक करने गए एक संविदा लाइनमैन की करंट की चपेट में आकर
मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली महोबा के ग्राम छिकहरा निवासी मान सिंह(30) बिजली विभाग के कबरई पावर हाउस में संविदा लाइन मैन के पद पर तैनात है। शनिवार की रात ग्राम धरौन स्थित एयरटेल टावर में बिजली लाइन में अचानक खराबी आ जाने से टावर ऑपरेटर ने इसकी सूचना बिजली पावर हाउस में दी। बिजली विभाग के अवर अभियंता रामकरन कुशवाहा के निर्देश पर संविदा कर्मचारी बिजली ठीक करने धरौन चला गया। इस दौरान उसने पावर हाउस फोन कर वहां तैनात कर्मचारी से शट डाउन मांगा। शटडाउन दे दिए जाने की बात कहे जाने पर संविदा कर्मचारी बिजली लाइन सही करने लगा। लेकिन तार में करंट होने के कारण वह झुलसकर नीचे जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक संविदा कर्मचारी के भतीजे ने घटना की तहरीर थाना कबरई में दी है।